नीमच। बुधवार रात हुई मूसलाधार बारिश के बाद शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति-गौरव चोपड़ा ने गुरुवार सुबह स्वास्थ्य सभापति धर्मेश पुरोहित, प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारी दिनेश टांक और अन्य अधिकारियों के साथ जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान शिक्षक कॉलोनी, इंदिरा नगर क्राउन सिटी और योजना क्रमांक 36 में जलभराव की स्थिति का जायज़ा लिया गया। शिक्षक कॉलोनी में नाले के ऊपर बने अतिक्रमण (चबूतरे) को तत्काल हटवाया गया, वहीं क्राउन सिटी कॉलोनी में मैदान के पास जेसीबी से खाई खुदवाकर खेतों से आ रहे पानी की निकासी सुनिश्चित की गई।
योजना क्रमांक 36 में उत्कृष्ट विद्यालय के सामने नाले में जमा कचरे को हटाने और आगे से कचरा जमा न हो, इसके लिए जाली लगाने के निर्देश दिए गए। इस दौरान वार्ड क्रमांक 8 के पार्षद दुर्गाशंकर, स्वच्छता निरीक्षक भारत सिंह भारद्वाज, स्वच्छता पर्यवेक्षक शिव कुमार पार्चे सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
चोपड़ा ने कहा कि निरीक्षण के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि अधिकांश क्षेत्रों में जलभराव का मुख्य कारण नालों और नालियों पर हुआ अतिक्रमण है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे स्वेच्छा से नालियों पर किए गए निर्माण कार्यों को हटाएं ताकि जल निकासी बाधित न हो और नगर में साफ-सफाई बनी रहे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि अतिक्रमण नहीं हटाया गया, तो नगर पालिका नियमानुसार कार्रवाई कर अतिक्रमण हटवाएगी।
निरीक्षण के दौरान नपाध्यक्ष और स्वास्थ्य सभापति ने जलभराव से प्रभावित घरों का दौरा कर स्थिति का जायज़ा भी लिया। उन्होंने बताया कि नगर पालिका टीम ने सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर जेसीबी और अन्य संसाधनों की मदद से पानी की निकासी करवाई। अंत में चोपड़ा ने नागरिकों से पुनः अनुरोध किया कि वे नगर की जलनिकासी व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में सहयोग करें, ताकि किसी को भी जलभराव की समस्या का सामना न करना पड़े।