मनासा। दारुल उलूम इमाम अहमद रजा, भाटखेड़ी नाका मनासा में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षाेल्लास और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान बच्चों ने ड्राइंग के माध्यम से तिरंगा, लाल किला और भारत का नक्शा बनाकर अपनी रचनात्मकता दिखाई। वहीं विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए तथा आजादी के लिए बलिदान देने वाले अमर शहीदों के जीवन और योगदान पर प्रेरणादायक भाषण दिए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एसडीएम किरण आजना, तहसीलदार डॉ. अजेंद्र प्रजापति एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी संजय पाटीदार उपस्थित रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनकी प्रस्तुतियों की सराहना की।
संस्था के संस्थापक हाजी जाहिद खान ने प्रतिभावान विद्यार्थियों को शील्ड, कॉपी एवं पेन देकर सम्मानित किया। सुबह ध्वजारोहण के साथ शुरू हुआ कार्यक्रम दोपहर 1 बजे तक चला।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर दारुल उलूम के संचालक हजरत मोईन रजा कादरी साहब ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया।
यह आयोजन रजवी चौरिटी ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में संस्था के पदाधिकारी, मुस्लिम समाजसेवी, शहर काजी मौलाना मारूफ रजा मनासा सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।