मंदसौर। भगवान पशुपतिनाथ मंदिर से सोमवार को भगवान पशुपतिनाथ की भव्य पालकी सवारी निकाली जाएगी। पालकी सवारी को लेकर शहर में यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। पुलिस ने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए कई मार्गों पर बड़े वाहनों और बसों का प्रवेश प्रतिबंधित किया है। यह व्यवस्था सोमवार को पूरे दिन लागू रहेगी।
बड़े वाहनों और बसों के लिए मार्ग प्रतिबंधित-
यातायात पुलिस के अनुसार 10 नंबर नाका से प्रतापगढ़ पुलिया तथा प्रतापगढ़ पुलिया से कोर्ट घाटी तक बड़े वाहनों एवं बसों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। प्रतापगढ़ से मंदसौर आने-जाने वाली बसें नयाखेड़ा मार्ग का उपयोग कर सकेंगी।
पशुपतिनाथ मंदिर की बड़ी पुलिया पर दोपहिया, तीनपहिया एवं चारपहिया वाहनों का आवागमन पूरे दिन बंद रहेगा। दोपहिया वाहन पशुपतिनाथ मंदिर की छोटी पुलिया से खिलजीपुरा एवं चंद्रपुरा की ओर आवागमन कर सकेंगे। चंद्रपुरा एवं खिलजीपुरा की ओर जाने वाले अन्य वाहन मेनपुरिया चौराहा अथवा बाईपास-नालछा माता मंदिर मार्ग से आवागमन कर सकेंगे।
पालकी के गुजरने के दौरान अस्थायी रूप से बंद होंगे मार्ग-
पालकी सवारी के शहर भ्रमण के दौरान जिस मार्ग से पालकी गुजरेगी, उस मार्ग को आवश्यकता के अनुसार कुछ समय के लिए बंद किया जाएगा। यातायात पुलिस वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट करेगी, ताकि पालकी सवारी के साथ शहर में यातायात व्यवस्था भी सुचारू बनी रहे।
श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए पार्किंग व्यवस्था-
श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए चंद्रपुरा एवं छोटी पुलिया के नदी किनारे मार्ग पर साइड में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़े करने की अपील की है। पुलिस ने वाहन चालकों एवं श्रद्धालुओं से यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने तथा निर्धारित डायवर्जन मार्गों एवं पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करने की अपील की है।