नीमच। शहर में 21 एवं 22 अगस्त को देशभर के संत-महात्माओं का विशाल समागम आयोजित किया जाएगा। आयोजन में 22 राज्यों से करीब 550 संत-महात्माओं के शामिल होने की संभावना है। इसकी जानकारी माहेश्वरी भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में आर्यावृत्त षड्दर्शन साधु मंडल भारत के प्रदेश अध्यक्ष महंत जितेंद्रदास महाराज एवं महंत अरविंदानंद सरस्वती ने दी।
उन्होंने बताया कि 21 अगस्त को संतों का आगमन एवं आशीर्वचन कार्यक्रम होगा। वहीं 22 अगस्त को सुबह 8 बजे नागा साधुओं, संत-महात्माओं, रथ-बग्गियों एवं बैंड-बाजों के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए टाउन हॉल दशहरा मैदान पहुंचेगी, जहां विशाल धर्मसभा एवं राष्ट्रीय संत सम्मेलन आयोजित होगा।
आयोजन का मुख्य संदेश ‘ज्ञान, गंगा, गगन और गौ’ रहेगा। इसके माध्यम से सनातन धर्म के ज्ञान के प्रसार, जल एवं पर्यावरण संरक्षण तथा गौसेवा एवं गौसंरक्षण का संकल्प दिलाया जाएगा।
शोभायात्रा का शहर के विभिन्न मार्गों पर सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों द्वारा स्वागत किया जाएगा। आयोजकों ने बताया कि संत समागम के माध्यम से धर्म, पर्यावरण संरक्षण, गौसेवा और सामाजिक एकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।