नीमच। मादक पदार्थ तस्करी में लिप्त आदतन अपराधियों के विरुद्ध नीमच पुलिस ने पीट एनडीपीएस एक्ट और SAFEMA (Smugglers and Foreign Exchange Manipulators Forfeiture of Property Act, 1976) के तहत बड़ी कार्रवाई की है। वर्ष 2024–25 में 8 मादक पदार्थ तस्करों और उनके परिजनों की कुल 21 करोड़ 10 लाख 21 हजार 714 रुपए की चल-अचल संपत्तियों की जांच कर फ्रीजिंग के लिए प्रस्ताव सक्षम अधिकारी, SAFEMA को प्रस्तुत किए गए। इनमें से 5 प्रकरणों में 17 करोड़ 11 लाख 17 हजार 675 रुपए की संपत्ति फ्रीज कर दी गई है, जबकि 3 प्रकरणों में 3 करोड़ 99 लाख 4 हजार 39 रुपए की संपत्ति फ्रीज करने का प्रस्ताव विचाराधीन है।
प्रमुख बिंदु-
- नीमच पुलिस द्वारा साल 2024-25 में 08 तस्करों और उनके परिजनों की 21.10 करोड़ रुपए की संपत्तियों का वित्तीय विश्लेषण कर SAFEMA के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
- SAFEMA अधिकारी द्वारा 5 आरोपियों की 17.11 करोड़ रुपए की संपत्ति फ्रीज करने के आदेश जारी किए गए।
- 3 अन्य प्रकरणों में 3.99 करोड़ रुपए की संपत्ति फ्रीजिंग के लिए प्रस्ताव लंबित है।
- पीट एनडीपीएस एक्ट के तहत 17 प्रकरणों में 3 आरोपियों पर भी कार्रवाई की गई है।
प्रशासनिक निर्देशन में कार्यवाही
यह कार्रवाई मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और पुलिस महानिदेशक मध्यप्रदेश के निर्देश पर, प्रदेश में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। एडीजी और आईजी उज्जैन जोन उमेश जोगा द्वारा भी सभी ज़िला पुलिस अधीक्षकों को कड़े निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक नीमच अंकित जायसवाल के नेतृत्व में नीमच पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करों की गिरफ्तारी के साथ-साथ, उनके द्वारा तस्करी से अर्जित अवैध आय से खरीदी गई संपत्तियों की पहचान कर उन्हें फ्रीज करने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई की है। मार्च 2024 से अब तक 34 एनडीपीएस प्रकरणों में कार्रवाई करते हुए, 08 तस्करों की संपत्तियों के खिलाफ SAFEMA न्यायालय, मुंबई में कुल 08 प्रकरण प्रस्तुत किए गए।
सतत अभियान जारी रहेगा-
एसपी अंकित जायसवाल ने कहा कि, "मादक पदार्थ तस्करी में लिप्त व्यक्तियों की अवैध संपत्तियों पर कार्रवाई सतत रूप से जारी रहेगी।" उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि नीमच पुलिस का उद्देश्य न केवल तस्करों को गिरफ्तार करना है, बल्कि उनके आर्थिक स्रोतों को समाप्त कर इस अपराध को जड़ से खत्म करना है।