नीमच। भारत विकास परिषद सुभाष शाखा के सचिव मनीष गर्ग का जन्मदिन परिषद द्वारा सेवा दिवस के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर विभिन्न सामाजिक सेवा कार्यों के माध्यम से जरूरतमंदों की सहायता कर उनका जन्मदिन सार्थक रूप से मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत लावारिस शिशु ग्रह नीमच में की गई, जहां परिषद सदस्यों की उपस्थिति में नन्हे बालक-बालिकाओं के लिए दो नवीन झूले और कई प्रकार के खिलौने भेंट किए गए। इस अवसर पर शिशु ग्रह की संचालिका गुप्ता ने परिषद के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि जन्मदिन पर इस तरह सेवा का भाव वास्तव में अनुकरणीय है। बच्चों को इससे बहुत प्रसन्नता हुई।
इसके पश्चात परिषद के सदस्यों ने रेड क्रॉस वृद्धाश्रम में निवासरत छह वृद्ध माताओं के साथ केक काटकर जन्मोत्सव मनाया और उन्हें साड़ी, ब्लाउज व पेटीकोट भेंट किए। वृद्ध माताओं ने यह उपहार पाकर खुशी जाहिर की और सभी सदस्यों को परिवार जैसा स्नेह व आशीर्वाद दिया। परिषद द्वारा गोद लिए गए 10 निर्धन परिवारों में से एक परिवार में नन्ही बालिका के जन्म पर उसे भी झूला और खिलौने भेंट किए गए, जिससे परिवार में खुशी का माहौल बन गया।
इन सभी सेवा कार्यों के पश्चात परिषद के सभी सदस्य एकत्रित होकर मनीष गर्ग का जन्मदिन फूलमाला व दुपट्टा पहनाकर उत्साहपूर्वक मनाया और उन्हें शुभकामनाएं दीं। परिषद अध्यक्ष ललित राठी एवं अन्य सदस्यों ने मनीष गर्ग को साधुवाद देते हुए कहा कि उन्होंने अपने जन्मदिन को सेवा के रूप में मनाकर एक मिसाल पेश की है। कई सदस्यों ने संकल्प लिया कि वे भी अपने जन्मदिवस को सेवा दिवस के रूप में मनाएंगे।
यह रहे मौजूद-
परिषद अध्यक्ष ललित राठी, कोषाध्यक्ष राकेश खंडेलवाल, वरिष्ठ संतोष बंसल, सेवा प्रमुख प्रमोद मालू, संपर्क प्रमुख उमेश शर्मा, संगठन सचिव दिनेश परवाल, शुभकामना संदेश प्रमुख अशोक सोनी, पर्यटक प्रमुख दीपक बाहेती, निर्मल दरक, रक्तदान प्रकल्प सह प्रमुख प्रवीण जैन, सुरेश शर्मा, अनिल पांडे, पूनम गर्ग एवं रोटरी क्लब के सहायक मंडलाध्यक्ष आशीष गर्ग।