मंदसौर। मोहर्रम पर्व की तैयारियों को लेकर शुक्रवार सुबह पुलिस कंट्रोल रूम में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक हुई। इस बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर अदिति गर्ग और एसपी अभिषेक आनंद ने की। बैठक में कलेक्टर ने बिजली कनेक्शन से छेड़छाड़ न करने के निर्देश दिए। साथ ही लूज कनेक्शन की जांच और कटे-फटे तारों के उपयोग पर रोक लगाई है।
सोशल मीडिया पर अफवाह या भ्रामक खबर फैलाने वालों पर कार्रवाई
पुलिस विभाग को ताजियों का रूट चेक करने और जुलूस के समय का विशेष ध्यान रखने को कहा गया। इसके अलावा सोशल मीडिया पर किसी भी तरह की अफवाह या भ्रामक खबर फैलाने वालों पर कार्रवाई का निर्देश दिया गया। लाउडस्पीकर के उपयोग पर भी रोक लगाई गई है। जुलूस के दौरान महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा और सुविधा का विशेष ध्यान रखने को कहा गया है।
फायर ब्रिगेड, मेडिकल और एम्बुलेंस की व्यवस्था करने के दिए निर्देश
प्रशासन ने साफ-सफाई, पेयजल, आवारा मवेशियों को हटाने, रास्ते की बाधाएं दूर करने के निर्देश दिए। कमजोर और जर्जर इमारतों को लेकर विशेष व्यवस्था करने को कहा गया है।सड़कों की मरम्मत, फायर ब्रिगेड, चिकित्सा सेवाएं और एम्बुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
नपा, बिजली विभाग, ट्रैफिक पुलिस और पीडब्ल्यूडी को भी सौंपा काम
नगर पालिका मंदसौर को स्ट्रीट लाइट्स की जांच और मरम्मत के निर्देश दिए गए। बिजली विभाग को बिजली के खंभों और तारों की जांच करने को कहा गया। ट्रैफिक पुलिस को यातायात व्यवस्था का रूट प्लान बनाने और लोगों को इसकी जानकारी देने के निर्देश दिए गए। पीडब्ल्यूडी को बैरिकेड्स लगाने और सड़कों के गड्ढे भरने का काम सौंपा गया है।