नीमच। माहेश्वरी धर्मशाला विज्ञान और नवाचार के एक अद्भुत संगम का गवाह बनी, जहाँ जिला स्तरीय इंस्पायर अवार्ड विज्ञान मॉडल प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस प्रदर्शनी ने मंदसौर और नीमच जिलों के 141 युवा वैज्ञानिकों को अपने विचारों और प्रतिभाओं को प्रदर्शित करने का सुनहरा अवसर दिया।विद्यार्थियों ने दैनिक जीवन से जुड़ी समस्याओं, कृषि में सुधार और अन्य विविध क्षेत्रों में अपने नवीनतम प्रोजेक्ट और मॉडल प्रस्तुत किए। इन मॉडलों में बच्चों की रचनात्मकता और वैज्ञानिक सोच साफ झलक रही थी। हर एक मॉडल यह दिखा रहा था कि कैसे हमारे युवा कल के लिए नए समाधान सोच रहे हैं।इन प्रोजेक्ट्स का मूल्यांकन विशेषज्ञों की टीम ने किया।जिसमें राष्ट्रीय नवप्रवर्तन प्रतिष्ठान, अहमदाबाद की वैज्ञानिक शिवानी दुबे और अंजली खन्ना के साथ-साथ महाविद्यालय की प्राध्यापक डॉ. अर्चना पंचोली और डॉ. तरुण जोशी भी शामिल थे।प्रदर्शनी से शीर्ष 10 प्रतिशत विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा, जो अब राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।इस अवसर पर पूर्व प्राचार्य डॉ. के. एल. जाट, पूर्व डीईओ सी. के. शर्मा, और नीमच डीईओ के. सी. मंगरिया ने उपस्थित होकर बच्चों का उत्साह बढ़ाया और उन्हें भविष्य के लिए मार्गदर्शन दिया। नोडल अधिकारी प्रलय उपाध्याय ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की, और अरुण सोलंकी ने कुशलतापूर्वक पूरे आयोजन का संचालन किया।