नीमच। भारत विकास परिषद की सुभाष शाखा ने संस्थापक डॉ. सूरजप्रकाश जी की जयंती को एक प्रेरणादायक समाज सेवा दिवस के रूप में मनाया। परिषद परिवार ने इस अवसर पर विभिन्न जनकल्याणकारी गतिविधियों का आयोजन कर डॉ. साहब की स्मृति को नमन किया और उनके दिखाए सेवा मार्ग पर चलने का संकल्प दोहराया। इसी कड़ी में कल विराट बालाजी मंदिर ग्वालटोली में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर 10 निर्धन परिवारों को छतरियां और मिठाई वितरित की गई,जिससे उन्हें ग्रीष्म ऋतु में राहत मिल सके। इसके अतिरिक्त, एक निर्धन परिवार में जन्मे नवजात शिशु को झूला और खिलौनों का उपहार प्रदान किया गया। इस सेवा कार्यक्रम में परिषद के पदाधिकारियों और सदस्यों ने पूरे उत्साह के साथ सहभागिता की। उन्होंने डॉ. सूरजप्रकाश के सेवा, संस्कार, सहयोग और समर्पण के मूल मंत्रों को आत्मसात करते हुए समाज के वंचित वर्ग के उत्थान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।इस अवसर पर मुख्य रूप से अध्यक्ष ललित कुमार राठी, सचिव मनीष गर्ग, कोषाध्यक्ष राकेश खंडेलवाल,अरविंद ढींगरा, अरविंद झाला, अनिल पांडे, और सुरेश शर्मा सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। भारत विकास परिषद सुभाष शाखा ने भविष्य में भी इसी प्रकार समाज सेवा के कार्यों में सक्रिय रहने का संकल्प लिया।