कुकडेश्वर। शामगढ़ के प्रसिद्ध फोटोग्राफर और बॉम्बे स्टूडियो के संचालक राजेन्द्र सिसोदिया ने यह साबित कर दिया कि उम्र केवल एक संख्या है। 69 वर्ष की उम्र’में जहां लोग स्वास्थ्य समस्याओं से जूझते हैं, वहीं सिसोदिया प्रतिदिन योग एवं व्यायाम कर स्वयं को स्वस्थ रखते हैं और हाल ही में उन्होंने साइकिल द्वारा ’450 किलोमीटर की यात्रा कर एक नया उदाहरण प्रस्तुत किया है।
राजेन्द्र सिसोदिया ने साइकिल से शामगढ़ से सांवरिया सेठ और वापस सांवरिया सेठ से शामगढ़ की कठिन यात्रा पूरी की। इस यात्रा के दौरान उन्हें जगह-जगह आमजन, सामाजिक कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और श्रद्धालुओं का भरपूर स्नेह और समर्थन मिला। सांसद सुधीर गुप्ता, उप मुख्य ।मंत्री, जगदीश देवड़ा सहित कई स्थानों पर लोगों ने उनका स्वागत कर उनके जज्बे को सलाम किया।
सिसोदिया का मानना है - “योग करो, स्वस्थ रहो।” उनका दृढ़ संकल्प और अनुशासित जीवनशैली आज के युवाओं के लिए एक प्रेरणास्रोत है। वे सोशल मीडिया पर भी सक्रिय रहते हैं और स्वास्थ्य, फिटनेस एवं सामाजिक मुद्दों पर अपनी जागरूकता साझा करते हैं।
उनकी यह ऐतिहासिक यात्रा न केवल शारीरिक सामर्थ्य का प्रतीक है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि सकारात्मक सोच, आत्मबल और नियमित योग से जीवन के किसी भी पड़ाव में बड़े लक्ष्य पूरे किए जा सकते हैं।