सतना। आवारा गोवंश की समस्या से परेशान किसान गौवंशों को लेकर गोशाला के लिए निकले। रविवार दोपहर को सतना-चित्रकूट स्टेट हाईवे पर आधा दर्जन से ज्यादा किसान सैकड़ों गोवंश के साथ पहुंच गए। इससे हाईवे पर यातायात बाधित हुआ।
किसान इन गौवंशों को गिरवर गोशाला ले जा रहे थे। उनका कहना है कि अगर गोशाला प्रबंधन इन्हें नहीं लेता है तो वे कलेक्टर आवास की ओर रुख करेंगे। किसानों का आरोप है कि जिला प्रशासन आवारा पशुओं पर कोई नियंत्रण नहीं कर रहा है।
खेतों में फसलों को नुकसान पहुंचते हैं गोवंश
जिले में मनरेगा के तहत पंचायत स्तर पर गोशालाएं बनाई गई हैं। फिर भी खेतों और सड़कों पर आवारा पशुओं के झुंड दिखाई देते हैं। वर्तमान में खरीफ फसलों की बुवाई का समय है। किसान धान, मूंग, उड़द, तिल और सोयाबीन की बोवनी की तैयारी कर चुके हैं।
प्रशासन पर समाधान न करने का आरोप
मझगवां भट्ठा, खाम्हा खूझा और रामपुर चौरासी क्षेत्र के किसान आवारा पशुओं से विशेष रूप से प्रभावित हैं। गोशाला संचालक इन पशुओं को लेने से मना कर रहे हैं। किसान अनिल सिंह और बलवीर सिंह के अनुसार, जिला प्रशासन इस समस्या का कोई समाधान नहीं निकाल रहा है। आवारा पशु फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं, जिससे किसानों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।