मंदसौर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मन्दसौर द्वारा DLSA कार्यालय परिसर में NALSA जागृति यूनिट का ओरिएंटेशन सत्र आयोजित किया गया। यह सत्र राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) की “जागृति योजना” के अंतर्गत आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य समाज के वंचित वर्गों तक विधिक सहायता एवं न्याय की पहुँच सुनिश्चित करना है। उक्त कार्यक्रम कपिल मेहता, प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मन्दसौर की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विशेष न्यायाधीश अजय कुमार सिंह, जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश सिद्धार्थ तिवारी, तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गौतम सोलंकी विशेष रूप से उपस्थित रहे। कपिल मेहता द्वारा जागृति योजना की आवश्यकता, उद्देश्यों, कार्यप्रणाली, विभागीय समन्वय, तथा जमीनी स्तर पर इसके प्रभावी क्रियान्वयन हेतु विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की गई। उन्होंने योजना के अंतर्गत PLVs की भूमिका, मोबाइल विधिक सहायता संरचना, पात्रता मापदंड, तथा विभागीय भागीदारी जैसे प्रमुख बिंदुओं पर भी प्रकाश डाला। कार्यक्रम में जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, नगर पालिका, सामाजिक न्याय विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, पैनल अधिवक्ताओं, PLVs तथा अन्य संस्थाओं से संबंधित पदाधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। उक्त कार्यक्रम में तहसील स्तर पर गठित तालुका जागृति यूनिट के सदस्यगण वर्चुअल माध्यम से सम्मिलित हुए। सभी विभागीय प्रतिनिधियों ने जागरूकता और विधिक सेवा के विस्तार में पूर्ण सहयोग देने की प्रतिबद्धता दोहराई। यह जागृति यूनिट न्याय को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने की दिशा में एक सशक्त पहल है, जो विधिक जागरूकता, सहायता और संवाद के माध्यम से न्याय सुलभता सुनिश्चित करने हेतु कटिबद्ध है।