इंदौर। मध्य प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने खुद पर हुई एफआईआर को लेकर बड़ा बयान दिया हैं। उन्होंने कहा कि जब भी एफआईआर होती है ये मैसेज जाता है हम अच्छा काम करते है। वहीं पीसीसी चीफ ने कहा कि मेरे खिलाफ एक भी सबूत दें तो पद से इस्तीफा दे दूंगा।
एमपी कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि 10 जून को गजराज लोधी कलेक्टर जनसुनवाई में गए थे। अधिकारी बिना दबाव के काम नहीं कर सकते है। अफसरों को चेताया लिखते जाओ कितने एफआईआर किए, जितने अधिकारी करप्शन कर रहे हैं गिनते जाएं। बीजेपी के दबाव में जो काम अधिकारी कर रहे हैं, उनको उनके पाप की सजा मिलेगी।
पटवारी ने आगे कहा कि अन्याय की एक सीमा होती है, जो इस सीमा से बाहर जाएगा उसकी गिनती होगी। बीजेपी विधायक एसपी, कलेक्टरी चलाते हैं, ये बर्दाश्त से बाहर है। वहीं उन्होंने कहा कि जब भी एफआईआर होती है ये मैसेज जाता है हम अच्छा काम करते है। अगर लोधी के साथ मैं अकेला गया हूं तो मैं अपने पद से इस्तीफा दे दूंगा।
इंदौर में कांग्रेस ने किया प्रदर्शन
इधर, इंदौर शहर कांग्रेस ने सोमवार को संभागायुक्त कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। पार्टी के नेता-कार्यकर्ता संभागायुक्त कार्यालय पहुंचे और प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कांग्रेस ने राज्यपाल के नाम संभागायुक्त को ज्ञापन सौंपा, जिसमें जीतू पटवारी पर दर्ज प्रकरण को झूठा और राजनीति से प्रेरित बताया गया।
इस पूरे घटनाक्रम को लेकर कांग्रेस हमलावर है और इसे लोकतंत्र के खिलाफ बताया जा रहा है। प्रदर्शन के दौरान शहर अध्यक्ष सुरजीत सिंह चड्ढा ने कहा कि भाजपा सरकार विपक्ष की आवाज को दबाने के लिए झूठे मामलों का सहारा ले रही है, लेकिन कांग्रेस इससे डरने वाली नहीं है।
बीजेपी ने कही ये बात
जीतू पटवारी के इस्तीफे वाले बयान पर बीजेपी ने पलटवार किया है। भाजपा मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने कहा कि दो दो युवकों ने शपथपत्र दिए हैं। जिसमें मोटरसाइकिल का लालच देने की बात कही गई है। जीतू पटवारी को और क्या सबूत चाहिए। अब पटवारी को अपने कहे पर अनुसरण करना चाहिए। वहीं कांग्रेस के प्रदर्शन पर आशीष अग्रवाल ने कहा कि छवि चमकाने के लिए जीतू पटवारी कार्यकर्ताओं का भावनात्मक दुरुपयोग कर रहे हैं। उन्हें न्याय प्रक्रिया का पालन करना चाहिए, यदि वो ऐसा नहीं कर रहे हैं मतलब चोर की दाढ़ी में तिनका है।
अशोकनगर में पटवारी पर एफआईआर
गौरतलब है कि शुक्रवार की रात अशोकनगर के मुंगावली क्षेत्र के मूड़रा वरवाह के गजराज लोधी की शिकायत पर मुंगावली पुलिस ने जीतू पटवारी के खिलाफ थ्प्त् दर्ज की थी। गजराज लोधी ने आरोप लगाया था कि उसे मल खिलाने जैसे आरोप लगाने के लिए जीतू पटवारी ने प्रलोभन दिया था। इसे आधार मानते हुए पुलिस ने धारा 61(2), 196 (1), (ए), 197 (1) (सी), 229 (2), 237, 353 (1), (सी) बीएनएस का प्रकरण दर्ज किया था।