सतवास। नगर के जतरा मैदान स्थित 100 फीट ऊंची पानी की टंकी पर रविवार को अचानक एक युवक चढ़ गया। युवक को पानी की टंकी के सबसे ऊपरी हिस्से में खड़ा देख हड़कंप मच गया और मौके पर भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी बीडी वीरा ने तत्काल मौके पर पुलिस बल रवाना किया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आरक्षक राजेंद्र राजपूत सिविल ड्रेस में टंकी पर चढ़े और युवक को चुपके से पकड़ लिया। इसके बाद प्रधान आरक्षक रविराव जाधव ने उसे सुरक्षित नीचे उतारा। इस कार्रवाई में आरक्षक घनश्याम परमार की भी अहम भूमिका रही। युवक की पहचान मुकेश पलासिया निवासी वार्ड क्रमांक-10 सतवास के रूप में हुई है। शुरुआती जानकारी के अनुसार युवक नशे की हालत में था और पारिवारिक विवाद के चलते उसने यह कदम उठाया। इस घटना के बाद नगर परिषद की लापरवाही भी उजागर हुई है। जिस टंकी पर युवक चढ़ा, वहां न तो सुरक्षा गेट है और न ही निगरानी की व्यवस्था। नागरिकों ने मांग की है कि शीघ्र टंकी पर सुरक्षा गेट लगाया जाए। पुलिस की सतर्कता और संयम से एक बड़ा हादसा टल गया। मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस टीम की सराहना की।