मंदसौर। रतलाम में डीजल में पानी की मिलावट का मामला सामने आने के बाद मंदसौर जिला प्रशासन हरकत में आ गया है। कलेक्टर अदिति गर्ग के निर्देश पर जिला आपूर्ति अधिकारी नारायण सिंह चंद्रावत ने टीम के साथ शहर व तहसील क्षेत्रों के पेट्रोल पंपों का निरीक्षण किया। सोमवार सुबह रामटेकरी स्थित उत्सव पेट्रोल पंप, बीपीएल चौराहा का मिश्रीलाल पंप और सीतामऊ फाटक स्थित रिलायंस फ्यूल की जांच की गई। वहीं दलौदा तहसील के कुशलता फ्यूल्स फतेहगढ़, आशापुरा फ्यूल्स और हीरालाल ब्रदर्स के पंपों की भी जांच हुई। टीम ने डीजल-पेट्रोल में पानी की जांच, डेनसिटी परीक्षण और 5 लीटर मापक से ईंधन की मात्रा मापी। जांच में मिलावट की पुष्टि नहीं हुई। साथ ही पेयजल, स्वच्छता, शौचालय और मुफ्त हवा जैसी सुविधाओं का भी निरीक्षण कर निर्देश दिए गए। जिले में कुल 172 पेट्रोल पंप हैं और प्रशासन की जांच आगे भी जारी रहेगी।