शिवपुरी। जिले की बैराड़ नगर परिषद के वार्ड 15 में गोंदाली और पुरा गांव को जोड़ने वाली पार्वती नदी की जर्जर पुलिया की हालत इतनी बद से बदतर हो गई कि हर साल बारिश में बह जाती है। वार्ड वासियों द्वारा प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से कई बार शिकायत की गई बावजूद इसके जब कोई कार्रवाई नहीं हुई, तो ग्रामीणों ने खुद ही मोर्चा संभाल लिया।
करीब 40 ग्रामीणों ने 10 किलोमीटर दूर से पत्थर-मिट्टी लाकर दो दिन की मेहनत से 200 फीट लंबी पुलिया को अस्थायी रूप से फिर से चालू कर दिया। ग्रामीणों ने बताया कि हर साल स्कूली बच्चों, बीमारों और गर्भवती महिलाओं को पार होने में मुश्किल होती है।
ग्रामवासियों का कहना है कि यह रास्ता अस्थायी है और तेज बारिश में फिर बह सकता है। उन्होंने सरकार से जल्द पक्की और मजबूत पुलिया बनाने की मांग की है।