शाजापुर। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार एवं हरियाली महोत्सव के उपलक्ष्य में शनिवार को पुलिस लाइन शाजापुर परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत की गरिमामयी उपस्थिति में कुल 510 पौधों का रोपण किया गया।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक टीएस बघेल, सूबेदारगण, अधिकारीगण एवं पुलिस कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। इस दौरान छायादार एवं फलदार विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपित किए गए, जिससे पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
पुलिस अधीक्षक राजपूत ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पर्यावरण संतुलन बनाए रखने हेतु अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने, तथा पौधों की सुरक्षा व नियमित देखभाल की जिम्मेदारी निभाने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि “वृक्ष हमारे जीवन के लिए अनमोल हैं और इनका संरक्षण प्रत्येक नागरिक का नैतिक कर्तव्य है। इस अवसर पर सभी उपस्थितजनों ने वृक्षारोपण कर हरियाली बढ़ाने की दिशा में एक सकारात्मक पहल की तथा समाज को स्वच्छ और हरित पर्यावरण की ओर अग्रसर करने का संदेश दिया।