नीमच। जिले के जावद तहसील के ग्राम ढाबा में एक पुलिया पर रेलिंग लगाने के कार्य में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार का आरोप लगा है। ग्राम ढाबा निवासी हरीश तंवर ने कलेक्टर को शिकायत कर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। तंवर के अनुसार वर्ष 2023 में विधायक निधि से पुलिया पर रेलिंग लगाने के लिए एक लाख रुपये स्वीकृत किए गए थे। हालांकि 23 जून 2025 तक मौके पर कोई कार्य नहीं किया गया था। लेकिन आश्चर्यजनक रूप से बासठ हजार एक रुपये की राशि निकाल ली गई।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि रेलिंग लगाने का कार्य शिकायत होने के बाद ही शुरू किया गया। हरीश तंवर ने बताया कि इस संबंध में उन्होंने 23 जून 2025 को भी कलेक्टर को शिकायत की थी, जिसकी जांच एसडीएम जावद द्वारा की जा रही है। लेकिन, उन्हें न तो जांच की प्रगति के बारे में बताया गया है और न ही उनके बयान दर्ज किए गए हैं। शिकायतकर्ता ने कलेक्टर से आग्रह किया है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर भ्रष्टाचार में लिप्त पाए जाने वाले सरपंच और सचिव को मध्य प्रदेश पंचायती राज अधिनियम की धारा 38 के तहत पद से हटाया जाए और धारा चालीस दो के तहत भविष्य में 6 वर्षों के लिए चुनाव लड़ने पर प्रतिबंध लगाया जाए।