नीमच। जिले के रेवली देवली गांव में विष्णु प्रसाद और मेहताब नामक किसानों को अपनी कृषि भूमि तक पहुंचने में भारी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। उनकी पुश्तैनी भूमि सर्वे नंबर 911, 912/1, और 912/2 पर जाने वाले रास्ते को कथित तौर पर सुमन श्रीवास्तव निवासी टीचर कॉलोनी, नीमच द्वारा बंद कर दिया गया है। किसानों ने शिकायत की है कि वे कई सालों से इस रास्ते का उपयोग अपनी कृषि उपज और औजारों को लाने-ले जाने के लिए शांतिपूर्ण तरीके से कर रहे हैं।
उनका आरोप है कि सुमन श्रीवास्तव, जिनका पी.टी. विद्यालय उनके आगे बना हुआ है, आए दिन रास्ता रोककर उन्हें परेशान करती हैं। किसानों का कहना है कि उन्हें गाली-गलौज और झूठे मामलों में फंसाने की धमकियां भी मिल रही हैं।वर्तमान में किसानों ने अपने खेत में चने की फसल बोई है, जिसमें खाद और पानी की सख्त जरूरत है। लेकिन रास्ते में खाई खोदकर उसे बंद कर देने से वे खेत तक पहुंच नहीं पा रहे हैं, जिससे उनकी फसल बर्बाद होने का खतरा पैदा हो गया है। किसानों का कहना है कि कृषि ही उनके परिवार के भरण-पोषण का एकमात्र साधन है और रास्ते के बंद होने से उनके सामने भुखमरी की नौबत आ गई है।किसानों ने जिला प्रशासन से तत्काल रास्ते को खुलवाने की गुहार लगाई है।