शिवपुरी। जिले की खनियाधाना तहसील अंतर्गत ग्राम ममरोनी निवासी बलवीर सिंह लोधी ने जिला सहकारी केंद्रीय बैंक से अपनी एफडी की राशि न मिलने पर कलेक्टर को आवेदन सौंपा और बताया कि वह पिछले एक साल से बैंक के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन अब तक उन्हें उनकी जमा पूंजी नहीं मिल पाई।
बलवीर सिंह ने बताया कि उन्होंने 22 अक्टूबर 2019 को 3 लाख रुपए, 25 मई 2022 को 2 लाख रुपए और 4 दिसंबर 2022 को 3.5 लाख रुपए की एफडी करवाई थी। ब्याज समेत उन्हें करीब 9.14 लाख रुपए मिलने थे।
जब बलवीर ने एफडी की मैच्योर राशि मांगी, तो बैंक कर्मचारियों ने यह कहकर भुगतान से इनकार कर दिया कि फिलहाल बैंक में पैसे नहीं हैं। बलवीर ने कहा कि एक साल से लगातार गुहार लगाने के बावजूद कोई समाधान नहीं हुआ।
बलवीर ने बताया कि वे अपनी बेटी की शादी के लिए कर्ज उठा चुके हैं, लेकिन बैंक से रकम न मिलने के कारण कर्ज चुका नहीं पा रहे। बच्चों की पढ़ाई और घर के बुजुर्ग का इलाज भी प्रभावित हो रहा है।