मनासा। कुकड़ेश्वर थाना क्षेत्र के ग्राम भदवा निवासी किसान कारूलाल धनगर दबंगों की प्रताड़ना से परेशान होकर मंगलवार को शिकायती आवेदन की माला पहनकर मनासा के कारगिल चौराहे पर धरने पर बैठ गए।
किसान कारूलाल का कहना है कि गांव के पास उसकी 5 बीघा कृषि भूमि है, जिसके लिए एकमात्र रास्ता दबंगों ने जबरन बंद कर रखा है। किसान का आरोप है कि वह कई बार प्रशासन से रास्ता खुलवाने की गुहार लगा चुका है, लेकिन हर बार दबंग वापस रास्ते पर कब्जा कर लेते हैं।
उन्होंने बताया कि वह सालों से कलेक्टर व तहसील कार्यालय में आवेदन दे रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। निराश होकर कारूलाल ने अपने पुराने आवेदन पत्रों की माला बनाकर गले में पहनी और शांतिपूर्ण तरीके से धरने पर बैठ गए। किसान की मांग है कि प्रशासन स्थायी समाधान निकाले और उसे उसकी जमीन तक पहुँचने का रास्ता दिलवाया जाए।