नीमच। जनपद पंचायत मनासा की ग्राम पंचायत हतूनिया में मंगलवार देर शाम एक गाय की करंट लगने से मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब गाय खुले में चारा चरते हुए ट्रांसफार्मर के पास पड़े खुले बिजली तारों की चपेट में आ गई।
जानकारी के अनुसार, हादसा शाम करीब 4 बजे हुआ। गाय के मालिक मोहन गुर्जर ने तुरंत बिजली कार्यालय को सूचना दी। सूचना के बाद पहुंचे लाइनमैन ने ट्रांसफॉर्मर से फेस काटकर बिजली सप्लाई बंद की, जिसके बाद मृत गाय को हटाया गया।
पप्पू गुर्जर ने बताया कि ट्रांसफार्मर के आसपास खुले तारों और असुरक्षित स्थिति को लेकर बिजली विभाग को पहले भी कई बार सूचित किया गया था। यहां कंटीले तार या बैरिकेड लगाने की मांग की गई थी, लेकिन विभाग ने कोई ध्यान नहीं दिया, जिसके चलते यह हादसा हुआ। घटना की सूचना कुकड़ेश्वर पुलिस को भी दी गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग की लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए भविष्य में इस तरह की घटनाएं रोकने के लिए सुरक्षा उपायों की मांग की है।