नीमच। मध्यप्रदेश और राजस्थान में मानसून ने रौद्र रूप ले लिया है। नीमच, सिंगोली और आसपास के क्षेत्रों में बीते 8 घंटों से हो रही लगातार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। भारी बारिश के चलते नीमच-कोटा हाईवे बंद हो गया है और ताल नदी उफान पर है। नीमच-सिंगोली मार्ग पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है, जिससे कई गांवों का संपर्क टूट गया है।
रतनगढ़ के वार्ड क्रमांक 2 में गोरेश्वर महादेव से आने वाला बारिश का पानी घरों में घुस गया। नगरवासियों की सूचना पर नगरपालिका कर्मचारी मौके पर पहुंचे और नालियों की सफाई का काम शुरू किया।
नगरपालिका की लापरवाही भी इस जलभराव का बड़ा कारण बनी। वार्ड 1 और 2 के गोरेश्वर मार्ग पर जहां एक बड़ी पुलिया बननी चाहिए थी, वहां सिर्फ एक छोटी रपटा बनाकर छोड़ दी गई। इसके चलते भारी बारिश में पानी की निकासी बाधित हुई और वार्ड क्रमांक 2 के घरों में पानी भर गया। स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि नगरपालिका जल्द से जल्द स्थायी समाधान की दिशा में कार्य करें, ताकि हर बारिश में लोगों को इस परेशानी का सामना न करना पड़े।