शहडोल। सोन नदी पर स्थित बाणसागर पुल पर बुधवार सुबह 4 बजे से यातायात शुरू हो गया है। पुल की मरम्मत के बाद चार पहिया वाहनों और यात्री बसों को आवागमन की अनुमति दी गई है। हालांकि भारी वाहनों जैसे ट्रक और मालवाहक वाहनों के लिए यह मार्ग अभी बंद रहेगा।
शहडोल और रीवा के बीच यह प्रमुख संपर्क मार्ग पिछले एक महीने से क्षतिग्रस्त होने के कारण बंद था। इस दौरान यात्रियों को वैकल्पिक लंबे और कठिन मार्गों से होकर गुजरना पड़ता था। पुल के बंद होने से बाणसागर क्षेत्र के स्थानीय व्यवसाय भी प्रभावित हुए थे।
पुल के दोबारा खुलने से क्षेत्र के लोगों में खुशी की लहर है। अब उम्मीद की जा रही है कि यातायात जल्द ही सामान्य हो जाएगा। शहडोल से रीवा जाने वाले यात्रियों को भी राहत मिली है। हालांकि उन्हें कुछ प्रतिबंधों का पालन करना होगा।