मुरैना। पहाड़गढ़ में कन्हार के जंगलों से खैर की लकड़ी काटकर ट्रक में भरकर ले जाई जा रही थी, जिसे वन विभाग की टीम ने पकड़ने में सफलता हासिल की है। मंगलवार को वन विभाग के अफसरों को सूचना मिली कि कुछ लोग कन्हार के जंगलों से खैर के पेड़ काटकर उसे ट्रक में भरकर ले जा रहे हैं। इस सूचना के बाद पहाडग़ढ़, कन्हार के वन चौकी प्रभारी, कैलारस रेंज के गश्ती दल ने कत्थई लाल रंग के ट्रक को को रोक लिया। वनकर्मियों को देखकर चालक ट्रक को भगाकर ले जाने लगा। जिसे वन विभाग की टीम ने ट्रक के आगे लगाकर रोक लिया। मरा गांव के पास स्टाफ ने जब ट्रक चेक किया तो उसमें लकडियां भरी थीं। जिसके बारे में आरोपी ड्राइवर पूछताछ में कुछ नहीं बता सका। वन विभाग ने 11 घनमीटर खैर की लकड़ी सहित 2 आरोपियों को हिरासत में लेकर मामला दर्ज कर लिया है।