मंदसौर। नारायणगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत पहेड़ा मगरा में मंगलवार शाम एक महिला का शव पेड़ से फांसी के फंदे पर लटका मिला। मृतका की पहचान हसीना पठान (35 वर्ष) के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह बेटे को स्कूल भेजने के दौरान हसीना का अपने पति हयात पठान से विवाद हुआ था। आशंका है कि दिनभर की कहासुनी के बाद महिला ने बालाजी मंदिर के पास एक पेड़ पर दुपट्टे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलते ही नारायणगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पेड़ से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया।

थाना प्रभारी अनिल रघुवंशी ने बताया कि परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच में मामला घरेलू कलह से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है।
