भोपाल। शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या स्वशासी महाविद्यालय में बुधवार को मणिकर्णिका संवाद पत्रिका के पहले अंक का विमोचन हुआ। यह पत्रिका कॉलेज की शैक्षणिक, सांस्कृतिक, साहित्यिक और अन्य गतिविधियों को एक साथ प्रस्तुत करने का प्रयास है। इस मौके पर कॉलेज में साहित्य और संस्कृति से जुड़ी एक विशेष कक्षा भी आयोजित की गई।
प्रकाशित होंगी विद्यार्थियों की रचनाएं
पत्रिका में कॉलेज की वेबसाइट, उच्च शिक्षा विभाग और यूजीसी की लिंक, यूट्यूब चौनल और दो गूगल फॉर्म भी शामिल किए गए हैं। एक फॉर्म रचनाएं भेजने के लिए और दूसरा सुझाव व फीडबैक के लिए है।
प्राचार्य बोले-यह गतिविधियों का जीवंत दस्तावेज
कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अजय कुमार अग्रवाल ने पत्रिका को कॉलेज की गतिविधियों का जीवंत दस्तावेज बताया। डॉ. भारती जैन ने इसे छात्राओं के लिए रचनात्मक मंच कहा। पत्रिका का संपादन डॉ. भारती जैन, डॉ. सविता भार्गव, डॉ. सीमा रायजादा, डॉ. अरुण सिंह और विवेक भारद्वाज ने किया है।