नीमच। नगर की सफाई व्यवस्था सुदृढ़ बनाने, पॉलिथीन मुक्त सब्जी मंडी और जलभराव की समस्या से निपटने को लेकर बुधवार को नगर पालिका कार्यालय में नपाध्यक्ष स्वाति गौरव चोपड़ा की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई। बैठक में सीएमओ दुर्गा बामनिया, स्वास्थ्य सभापति धर्मेश पुरोहित सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, निरीक्षक और पर्यवेक्षक मौजूद रहे। बैठक में नपाध्यक्ष चोपड़ा ने कहा कि बारिश के इन दो महीनों में नालियों से अतिक्रमण हटाकर जल निकासी सुनिश्चित की जाए। साथ ही सब्जी मंडी को नो-प्लास्टिक जोन घोषित कर स्व सहायता समूह की महिलाओं के माध्यम से कपड़े की थैलियां उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया। सीएमओ बामनिया ने चेताया कि कचरा जलाने या नालियों में डालने पर संबंधित कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। गंदगी फैलाने वालों और सार्वजनिक स्थानों पर निर्माण सामग्री रखने वालों पर चालानी कार्रवाई की जाएगी, जिसकी रिपोर्ट हर सोमवार प्रस्तुत की जाएगी। बैठक में आवारा गोवंश को गौशाला भेजने और सब्जी मंडी में पशुओं की आवाजाही रोकने हेतु काऊ कैचर लगाने पर भी चर्चा हुई। नपाध्यक्ष ने स्वच्छता अमले को जनप्रतिनिधियों के दबाव में न आकर नियम अनुसार कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए।