मनासा। रामस्नेही संप्रदाय के युवा संत चेतन राम जी द्वारा शुरू किए गए सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ की श्रृंखला में मंगलवार रात्रि को 41वां विराट आयोजन कुशवाह समाज द्वारा सनातन सत्संग मंडल के निर्देशन में आयोजित किया गया। आयोजन में हजारों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और हनुमान भक्ति में सराबोर हो गए।
कार्यक्रम कुशवाह समाज धर्मशाला में आयोजित हुआ, जहां सामूहिक पाठ की शुरुआत समाज के वरिष्ठजनों सुरेश कुशवाह, बंशीलाल कुशवाह, प्रेम कुशवाह, दशरथ कछावा, गोपाल कुशवाह आदि द्वारा दीप प्रज्वलन और श्री हनुमानजी की प्रतिमा का पूजन कर की गई।
भजनों ने बांधा समा-
भजन गायकों श्याम समदानी, राजकुमार मारू, विजय उपाध्याय, कमल विजयवर्गीय, सत्यनारायण सोनी, अर्पित शर्मा, दिनेश कुशवाह, ओम सोनी, अनिल लढ़ा आदि ने दुनिया चले ना श्रीराम के बिना, ष्यह झंडा है हनुमान का जैसे भजनों की सुंदर प्रस्तुतियों से श्रोताओं को भावविभोर कर दिया।
रामगोपाल शर्मा का अनूठा सहयोग-
सेवानिवृत्त शिक्षक रामगोपाल शर्मा ने हनुमान चालीसा के प्रति अपने समर्पण का परिचय देते हुए 21 पाठों तक प्रति पाठ 2100 की राशि सत्संग मंडल को समर्पित करने की घोषणा की। उनका सत्कार मंडल सदस्यों व नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि अजय तिवारी द्वारा पुष्पमाला पहनाकर किया गया।
कार्यक्रम के समापन पर अब सौंप दिया अब भार तुम्हारे हाथों में...जैसे भजनों के साथ पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। आगामी 42वां हनुमान चालीसा पाठ 8 जुलाई को श्रीराम मंदिर, उषागंज (पंजाबी समाज) में आयोजित किया जाएगा। आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की।