चित्तौड़गढ़। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर एवं महेन्द्र सिंह सिसोदिया अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (जिला एवं सेशन न्यायाधीश), चित्तौड़गढ़ के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश सुनील कुमार गोयल द्वारा विद्या निकेतन उच्च माध्यमिक विद्यालय भोईखेड़ा मार्ग में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण पर विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। सचिव गोयल ने विद्यालय परिसर में पौधारोपण किया तथा बच्चों को हरित अभियान के तहत् वृक्षारोपण का महत्व समझाते हुए उन्हें पौधारोपण हेतु प्रेरित किया। उन्होंने बच्चों को प्लास्टिक के दुरूपयोग से होने वाले दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए उन्हें सीमित मात्रा में प्लास्टिक उपकरणों का प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया। गोयल ने बताया कि वृक्ष प्राणवायु के साथ-साथ फल,लकड़ी एवं अन्य आवश्यकताओं की भी पूर्ति करते हैं अतः यह प्रत्येक नागरिक का कर्त्तव्य है कि वह पर्यावरण के हित में एक पौधा अवश्य लगाए एवं उसकी देखभाल करे। इस छोटी सी पहल से न केवल हमारा पर्यावरण सुरक्षित रहेगा बल्कि आने वाली पीढ़ियों को एक बेहतर एवं शुद्ध वातावरण मिलेगा। इस दौरान पैनल अधिवक्ता भारती गहलोत, विजय मलकानी संस्थापक आई.पी.एस. फाउंडेशन एवं प्राचार्या ललिता राठौड़ विद्या निकेतन स्कूल तथा अन्य कर्मचारीगण उपस्थित रहे।