भोपाल। बड़े तालाब के पास अवैध निर्माण का सर्वे किया जाएगा और वहां के अवैध निर्माण तोड़े जाएंगे। मुख्यमंत्री ने ये निर्देश नगरीय विकास विभाग के अफसरों को दिए हैं। उन्होंने कहा है कि शहरों में झुग्गी बस्तियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए नगरीय आवास और विकास विभाग किफायती और सुविधाजनक आवास विकसित करने की कार्ययोजना बनाएगा।
उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्रों में कॉलोनियों के विकास में देश के प्रतिष्ठित बिल्डर्स और कॉलोनाइजर्स को जोड़ा जाए। शहरी इलाकों की एक करोड़ 30 लाख लाड़ली बहनों को आर्थिक सहायता के साथ आवास दिए जाएंगे। यह निर्णय गुरुवार को समत्व भवन में हुई बैठक में लिया गया।
नगरीय विकास विभाग के कामों की समीक्षा करते हुए सीएम डॉ. यादव ने कहा कि झुग्गी-बस्तियों को कंट्रोल करने के लिए लोगों की सामाजिक-आर्थिक परिस्थिति का आकलन करें और किफायती, सुविधाजनक आवास सुविधा विकसित करने कार्ययोजना बनाई जाए।
नगरीय इलाकों में पार्कों को विकसित करने और विकास प्राधिकरण, हाउसिंग बोर्ड सहित सभी आवासीय परियोजनाओं में पौधरोपण को प्रोत्साहित किया जाए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भोपाल के बड़े तालाब के आसपास अवैध निर्माण का सर्वेक्षण कराकर कार्रवाई के लिए अभियान चलाया जाए।