पिपलियामंडी (मंदसौर)। मल्हारगढ़ विधानसभा क्षेत्र के पिपलियामंडी नगर में गुरुवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया जब भारत सरकार के वित्त मंत्रालय की जीएसटी टीम ने ‘श्रीनाथ ट्रेडर्स’ नामक सरिया व्यापारी की दुकान पर दबिश दी।
सूत्रों के अनुसार जैसे ही टीम मौके पर पहुंची, दुकान मालिक और उसके कर्मचारी तुरंत शटर बंद कर मौके से फरार हो गए। इसके बाद टीम लंबे समय तक दुकान के बाहर व्यापारी की वापसी का इंतजार करती रही।
हालांकि टीम की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन प्रारंभिक अनुमान है कि यह कार्रवाई जीएसटी संबंधित अनियमितताओं की जांच को लेकर की गई है। यह मामला इसलिए भी अहम बन गया है क्योंकि यह प्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा के विधानसभा क्षेत्र से जुड़ा है। इस कार्रवाई के बाद नगर में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है और व्यापारी वर्ग में खलबली की स्थिति बनी हुई है।