नीमच। शहर के उत्कृष्ट विद्यालय में शुक्रवार को शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित लैपटॉप वितरण समारोह में कक्षा 12वीं में 75 प्रतिशत या उससे अधिक अंक अर्जित करने वाले 1,123 मेधावी छात्रों को लैपटॉप वितरित किए गए। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुई। अतिथियों का स्वागत पुष्पमालाओं से किया गया।
इस अवसर पर भोपाल से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का सीधा प्रसारण भी दिखाया गया, जिसमें उन्होंने छात्रों को उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और राज्य सरकार की विभिन्न शैक्षणिक योजनाओं की जानकारी साझा की। डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता दे रही है। छात्रों को लैपटॉप के साथ साइकिल और स्कूटी भी दी जा रही हैं ताकि वे शिक्षा के क्षेत्र में और अधिक आगे बढ़ सकें। कार्यक्रम में सांसद सुधीर गुप्ता और विधायक दिलीप सिंह परिहार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। साथ ही कलेक्टर हिमांशु चंद्रा, जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव, नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा, संतोष चोपड़ा और आदित्य मालू भी मंचासीन रहे। इस आयोजन में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षा विभाग के अधिकारी, कर्मचारी एवं अभिभावक उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला।