इंदौर। रणजीत हनुमान मंदिर में संचालित अन्नक्षेत्र को राष्ट्रीय अवार्ड मिला है। यह अवार्ड स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय भारत सरकार की ओर से दिया गया है। मंदिर के मुख्य पुजारी पं. दीपेश व्यास ने बताया कि श्री रणजीत हनुमान मंदिर में संचालित होने वाले अन्नक्षेत्र को उत्कृष्ट भोजन एवं सुव्यवस्था के लिए अवार्ड दिया गया है।
इसे मंदिर की ओर से कलेक्टर आशीष सिंह, पं. दीपेश व्यास और महाप्रबंधक एनएच राजपूत ने ग्रहण किया। पं. व्यास ने बताया कि अन्न क्षेत्र में सफाई व्यवस्था कैसी है। भोजन कैसे बनता है। खाने में कौन सा और किस क्वालिटी का सामान इस्तेमाल किया जाता है। मंदिर का स्टाफ कैसे काम करता है। यह सभी देखा गया। इस अवसर पर एडीएम रोशन राय भी उपस्थित थे।
ईट राइट चौलेंज प्रतियोगिता-4 में इंदौर देश में अव्वल
इंदौर जिला ईट राइट चौलेंज प्रतियोगिता-4 में देश में अव्वल है। इंदौर को 200 में से 180 अंक मिले हैं। कलेक्टर आशीष सिंह की अध्यक्षता में हुई जिला स्तरीय खाद्य सुरक्षा सलाहकार समिति की बैठक में यह जानकारी दी गई। बैठक में अपर कलेक्टर गौरव बेनल, जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी मनीष स्वामी सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
बैठक में बताया कि एक अप्रैल 2024 से 31 मार्च 2025 तक 869 लीगल और 2481 सर्विलेंस नमूने लिए गए। जबकि 315 लीगल और 490 सर्विलेंस नमूने संग्रहित किए गए। 2024-25 में 110 न्यायालयीन प्रकरण दायर किए गए। जिनमें 193 मामलों में निर्णय होकर एक करोड़ 88 लाख रूपये का अर्थदंड लगाया गया और 82 लाख 38 हजार रूपये की वसूली हुई। पंजीयन से 2 करोड़ 45 लाख रूपये (2024-25) और जारी वर्ष में 41 लाख 30 हजार रूपये का राजस्व प्राप्त हुआ।
बैठक में बताया गया कि ईट राईट चौलेंजदृ4 के तहत इंदौर को 200 में से 180 अंक प्राप्त हुए। जिले में दो ईट राईट स्टेशन, दो स्ट्रीट फूड हब, नौ कैंपस, पांच स्कूल चिन्हित किए गए। 702 फूड हैंडलर्स को फ़ोस्टैक प्रशिक्षण दिया गया, चलित खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला के माध्यम से 2100 से अधिक खाद्य उत्पादों का परीक्षण हुआ और 85 जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इन संस्थानों को किया सम्मानित
कलेक्टर ने ईट राइट चौलेंज प्रतियोगिता की गतिविधियों के लिए फतेहाबाद- चंद्रावती गंज एवं गौतमपुरा रोड रेलवे स्टेशन, अन्नपूर्णा मंदिर एवं रंजीत हनुमान मंदिर, ग्रैंड शेरटन, रेडिसन, मैरियट होटल, गीता भवन हॉस्पिटल, रजत जयंती कॉम्प्लेक्स, द हब चौपाटी और चोइथराम नॉर्थ कैंपस, शासकीय सांदीपनि नवीन कन्या विद्यालय, शासकीय मिडिल स्कूल सुभाष नगर और शासकीय मिडिल स्कूल चितावद को “ईट राईट” गतिविधियों में सक्रिय सहयोग के लिए सम्मानित किया।