गरोठ। थाना गरोठ क्षेत्र के ग्राम कछालिया में हुए सनसनीखेज बालाराम धनगर हत्याकांड का पुलिस ने महज 24 घंटे में खुलासा करते हुए उसके बेटे राजु उर्फ राजाराम धनगर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने जमीन के बंटवारे को लेकर हुए विवाद में पिता की फावड़े से हत्या करना कबूल किया है।
घटना का विवरण-
2-3 जुलाई की दरम्यानी रात बालाराम धनगर (65) की साठखेड़ा-कछालिया रोड स्थित खेत पर बने टीन शेड में हत्या कर दी गई थी। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतक का बड़ा बेटा राजु धनगर रात में उसके साथ ही सो रहा था, लेकिन घटना के बाद से वह लापता था। शक के आधार पर पुलिस ने उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने हत्या करना स्वीकार किया। आरोपी ने बताया कि पिता द्वारा ज़मीन का बंटवारा न करने से नाराज़ होकर उसने फावड़े और अन्य कृषि उपकरणों से हमला कर उनकी हत्या की और मौके से फरार हो गया।
गिरफ्तार आरोपी-
राजु उर्फ राजाराम धनगर, उम्र 36 वर्ष, निवासी कछालिया, थाना गरोठ।
पुलिस टीम का सराहनीय योगदान-
थाना प्रभारी निरीक्षक हरीश मालवीय के नेतृत्व में उनि जितेन्द्र सिंह चौहान, सउनि बलवान सिंह देवड़ा सहित पुलिस टीम ने तत्परता से कार्रवाई कर हत्याकांड का खुलासा किया।