नीमच। अन्य खेलों से अलग, क्रॉस कंट्री रेस व्यक्तिगत दृढ़ संकल्प और टीम भावना का अनोखा संगम है, जहाँ व्यक्तिगत प्रदर्शन के साथ-साथ टीम की समग्र सफलता भी मायने रखती है। इस खेल में प्रतिभागियों को पॉइंट स्कोरिंग सिस्टम के माध्यम से आंका जाता है। क्रॉस कंट्री रेस मैराथन से भिन्न होती है और यह हृदय, फेफड़े और स्नायुबंधन को मजबूत बनाती है।
इसी क्रम में सीआरपीएफ ग्रुप केंद्र नीमच में 1 से 3 जुलाई 2025 तक अंतर-ग्रुप केंद्र व बटालियन क्रॉस कंट्री रेस प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसका उद्देश्य आगामी चरण के लिए प्रतिभागियों का चयन करना था। इस प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश परिचालन क्षेत्र की 10 टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
समापन समारोह गुरुवार को मेहता स्टेडियम में भव्य रूप से संपन्न हुआ।
10 किलोमीटर क्रॉस कंट्री रेस में -
प्रथम स्थान: 07 बटालियन के हवलदार (जीडी) विकास कुमार, जिन्होंने 47.56 मिनट में रेस पूरी की।
द्वितीय स्थान: 107 बटालियन आरएएफ के सिपाही (जीडी) डी.के. सरोज (49.05 मिनट)।
तृतीय स्थान: 107 बटालियन के हवलदार (जीडी) सत्यजीत दास (49.52 मिनट)।
सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली टीमों में –
प्रथम स्थान: 107 बटालियन आरएएफ
द्वितीय स्थान: 41 बटालियन
तृतीय स्थान: 123 बटालियन
समापन समारोह के मुख्य अतिथि ग्रुप केंद्र नीमच के डीआईजी सुरेन्द्र कुमार रहे। उन्होंने विजेता टीमों को शील्ड और व्यक्तिगत विजेताओं को पदक प्रदान कर सम्मानित किया। डीआईजी कुमार ने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए खेल भावना के साथ प्रतियोगिता के सफल आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त की। समारोह में ग्रुप केंद्र नीमच के सभी अधिकारी, खिलाड़ी और जवान मौजूद रहे।