नीमच। मालवा की वैष्णो देवी के नाम से प्रसिद्ध भादवा माता मंदिर में इन दिनों भारी बारिश के चलते श्रद्धालुओं को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। मंदिर के गर्भगृह के ठीक सामने की छत विहीन जगह पर वर्षा का पानी भरने से दर्शन के दौरान भक्तों को कठिनाई हो रही थी।
मंदिर में निर्माण कार्य जारी होने के बावजूद, गर्भगृह के सामने का हिस्सा अब तक अधूरा है। वहां केवल एक अस्थायी तिरपाल थी, जो तेज बारिश में पानी रोकने में नाकाम साबित हो रही थी। हालात यह थे कि दानपात्र तक भी पानी टपकने से उसे ढककर रखना पड़ रहा था। यह स्थिति न केवल श्रद्धालुओं बल्कि मंदिर प्रशासन के लिए भी चिंता का विषय बन चुकी थी।
श्रद्धालुओं की इस असुविधा को देखते हुए समाजसेवी अशोक अरोरा ने पहल करते हुए एक सराहनीय कदम उठाया। उन्होंने प्रार्थना सभागृह से मुख्य मंदिर तक के खुले हिस्से में टीन शेड लगवाने का कार्य शुरू करवा दिया है। इससे बारिश के दौरान भक्त अब बिना भीगे माता के दर्शन कर सकेंगे।
इस पहल के साथ ही मंदिर प्रशासन ने भी सक्रियता दिखाई और श्रद्धालुओं के आवागमन वाले मार्ग पर गिट्टी व चूना डालने का कार्य शुरू कर दिया है, जिससे कीचड़ और फिसलन से राहत मिलेगी।
समाजसेवी अशोक अरोरा के इस प्रयास की क्षेत्रवासियों और श्रद्धालुओं द्वारा खुले दिल से सराहना की जा रही है। श्रद्धालुओं ने मंदिर प्रशासन से अपील की है कि निर्माण कार्यों को शीघ्र पूर्ण कर सुविधा सुनिश्चित की जाए, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित व श्रद्धा के साथ माता के दर्शन कर सकें।