राजगढ। जिले के खिलचीपुर के सोमवारिया में आरोग्यम प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और प्राथमिक स्कूल के सामने गुमटी माफियाओं ने अवैध कब्जा कर लिया है। अस्पताल और स्कूल की दीवार से सटी सरकारी जमीन पर एक दर्जन से ज्यादा गुमटियां लगा दी गई हैं। इन गुमटियों को भूमाफियाओं द्वारा किराए पर चलाया जा रहा है।
अतिक्रमण के कारण रास्ता इतना संकरा हो गया है कि एंबुलेंस का निकलना भी मुश्किल हो गया है। मरीजों और स्कूली बच्चों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गुमटियों से फैली गंदगी के कारण अस्पताल के सामने संक्रमण का खतरा बना हुआ है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि कब्जाधारी इस सरकारी जमीन को अपनी निजी संपत्ति की तरह इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से इस अवैध कब्जे को हटाने की मांग की है। हालांकि, अब तक न तो अस्पताल प्रशासन और न ही स्कूल प्रबंधन की ओर से कोई आपत्ति दर्ज कराई गई है।
मामले में सीएमओ अनिल जोशी ने बताया - उन्हें अतिक्रमण की जानकारी मिली है। वे नगर परिषद की टीम को मौके पर भेजकर जांच करवा रहे हैं। जांच के बाद नोटिस जारी कर अतिक्रमण हटाया जाएगा।