चित्तौड़गढ़। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर एवं जिला एवं सेशन न्यायाधीश, अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चित्तौड़गढ़ महेन्द्र सिंह सिसोदिया के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश सुनील कुमार गोयल द्वारा आर.एस.ई.बी. कॉलोनी निम्बाहेड़ा रोड चित्तौड़गढ़ में संचालित नये ज्ञानदीप केयर होम भवन का निरीक्षण किया गया। सचिव गोयल द्वारा रसोई घर, स्नानागार, शयन कक्ष का निरीक्षण किया गया तथा बच्चों के लिए खाना, साफ-सफाई स्वच्छ पानी आदि व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। उन्होंने बच्चों को दी जाने वाली दवाइयों की जांच की एवं आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। अधीक्षक शंकर लाल रावल ने बताया कि केयर होम में कुल 20 बच्चे हैं जो की निरीक्षण के समय उपस्थित थे। निरीक्षण के दौरान प्रशिक्षु मजिस्ट्रेट मनिका राजपुरोहित एवं प्रियंका बैरवा, विधि प्रशिक्षु प्रशस्ति व्यास, काउंसलर सायर सुवालका, परिवीक्षा अधिकारी धर्ममचन सुवालका, अधीक्षक शंकर लाल रावल आदि उपस्थित थे।