चित्तौड़गढ़। गांव के दो मुख्य रास्ते होने के बावजूद दोनों क्षतिग्रस्त एवं अवरूद्ध होने से ग्रामवासियों को हो रही परेशानी से निजात दिलाने की मांग को लेकर जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।
तहसील भूपालसागर, ग्रा.पं. चोरवड़ी के ग्राम चौकड़ी निवासी ग्रामीणों ने सौंपे ज्ञापन में बताया कि चोकड़ी गांव के दो मुख्य रास्ते है जिसमें एक सड़क पीडब्ल्यूडी के अन्तर्गत आती है और दूसरा अन्य आम रास्ता है। दोनों रास्ते पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। स्कूल विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों का दोनों मार्ग से आना जाना होता है। आए दिन दुर्घटनाएं हो रही है। दोनों सड़क के ऊपर कम से कम एक-डेढ़ फीट लगातार पानी भरा रहता है, बड़े बड़े खड्डे बने हुए हैं। पांच साल से यही स्थिति बनी हुई है। पूर्व में भी कई अधिकारियों एवं संबंधित विभाग को बार बार कहने पर भी अभी तक कोई सुनवाई नहीं हुई है। मुख्य रास्ते पर लगभग आस पास के 50 गांवों के ग्रामीणों का आवागमन होता रहता है, सैंकड़ों राहगीर इसी सड़क पर होकर निकलते हैं। आए दिन दुर्घटना हो रही है, जिसमें एक-दो जाने भी जा चुकी है। जिला कलेक्टर से शीघ्र ही समस्या के निराकरण हेतु त्वरित कार्यवाही करा कर ग्रामीणों को राहत पहुँचाने की मांग की गई।
इस दौरान जगदीश जाट, श्यामलाल, रामलाल मेनारिया, रमेशचन्द्र मेनारिया, प्रेमा, पुष्पा मेनारिया, मोहनी, राधा, बिंदू, दिनेशचन्द्र, सोहनलाल, सीमा मेनारिया सहित कई ग्रामवासी मौजूद रहे।