जीरन। स्थानीय जैन आराधना भवन में इस वर्ष वर्षावास हेतु परम पूज्या विपुल प्रज्ञा श्रीजी मसा आदि ठाणा-03 का चातुर्मास प्रवेश 7 जुलाई, सोमवार को होगा। पूज्य श्री सागर समुदायवर्तनी, मालवदेश दीपिका, मनोहर इन्दु श्रीजी मसा की सुशिष्या एवं शशिप्रभा श्रीजी म.सा. की सुशिष्या हैं। पूज्य श्री के साथ प्रिय वर्षा श्रीजी मसा एवं मोक्ष वर्षा श्रीजी मसा भी चातुर्मास में शामिल रहेंगी।
प्रवेश जुलूस का शुभारंभ सुबह 8.30 बजे स्व. माधवलालजी- स्व. चंद्रकला बाई मेहता के निवास ‘चंद्र भवन’ (प्रतापगढ़ दरवाजा) से नवकारसी के पश्चात होगा। जुलूस नगर के प्रमुख मार्गों - प्रतापगढ़ दरवाजा, पाटीदार मोहल्ला, बस स्टैंड, सदर बाजार, नीम चौक होते हुए जैन मंदिर पहुंचेगा, जहां आराधना भवन में पूज्य श्री के मंगल प्रवचन होंगे।
प्रवेश स्वामी वात्सल्य का आयोजन स्व. नाथूलालजी- पुष्पाबेन मारू परिवार की ओर से रखा गया है। चातुर्मास के दौरान प्रतिदिन प्रातःकालीन प्रवचन, तपश्चर्याएं एवं आराधनाएं आयोजित होंगी। पूज्य श्री के चातुर्मास को लेकर जैन समाज में विशेष उत्साह का वातावरण है। आयोजन को सफल बनाने के लिए समाजजन द्वारा जोर-शोर से तैयारियां की जा रही हैं।