चीताखेड़ा। जहां एक ओर बच्चों के जन्मदिन पर होटल पार्टी और केक काटने का चलन बढ़ता जा रहा है, वहीं चीताखेड़ा निवासी बीएएमएस डॉ. आशीष कुमार जैन ने समाज को एक प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया है। अपने बेटे ध्रुव जैन के 5वें जन्मदिन के अवसर पर उन्होंने फिजूलखर्ची की बजाय परिवार सहित शासकीय हायर सेकंडरी स्कूल परिसर में 70 से अधिक विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपित किए।
इस अवसर पर आम, नींबू, संतरा, जामुन, आंवला, नीम, शीशम, अनार, करंज, बरगद, पीपल, महुआ सहित छायादार व फलदार पौधे लगाए गए। कार्यक्रम में परिवार के सदस्यों के साथ-साथ विद्यालय प्राचार्य विकास साल्वी, शिक्षकगण, विद्यार्थी और ग्रामीण जन उपस्थित रहे। सभी ने इन पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का संकल्प भी लिया।
प्राचार्य श्री साल्वी ने अपने संबोधन में कहा कि “पौधारोपण केवल एक दिवस का कार्य नहीं बल्कि निरंतर देखभाल और संरक्षण का संकल्प है। डॉ. जैन का यह प्रयास प्रेरणास्पद है, जिससे आने वाली पीढ़ी को स्वच्छ और हरित वातावरण मिल सकेगा।” उन्होंने यह भी बताया कि स्कूल परिसर में इन पौधों की सुरक्षा हेतु चारों ओर तार फेंसिंग भी की जाएगी।
डॉ. आशीष जैन ने बताया कि उनके बेटे ध्रुव का जन्म कोरोना काल में हुआ था, जब ऑक्सीजन की महत्ता को पूरे देश ने महसूस किया। तभी से उन्होंने हर वर्ष बेटे के जन्मदिन पर पौधारोपण करने का संकल्प लिया है। “वृक्ष परमात्मा की करुणा की साकार अभिव्यक्ति हैं, जो न केवल हमारे जीवन के रक्षक हैं, बल्कि हमारी संस्कृति का अभिन्न हिस्सा भी हैं।
उन्होंने यह भी अपील की कि क्षेत्र के सभी लोग बच्चों के जन्मदिन को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ें और पौधारोपण को सिर्फ एक औपचारिकता नहीं, बल्कि जिम्मेदारी के रूप में निभाएं।
इस अवसर पर संकुल प्राचार्य विकास साल्वी, शिक्षक अरविंद परिहार, डॉ. दिनेश राणावत, सेवानिवृत्त प्राचार्य देवीलाल जैन, पूर्व उपसरपंच रतनलाल माली, पंच कारूलाल माली सहित ध्रुव जैन के परिजन शुभ्रा, प्रक्षाल, माही, सपना व अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। यह आयोजन न केवल पर्यावरण संरक्षण का सशक्त संदेश देता है, बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन की पहल का भी प्रतीक है।