सिंगोली। नीमच से सिंगोली तक लगभग 80 किलोमीटर लंबा सड़क मार्ग पूरी तरह जर्जर अवस्था में पहुंच चुका है। इसी तरह राजस्थान के कोटा को जोड़ने वाला 90 किलोमीटर का मार्ग भी खस्ताहाल है। इन सड़कों पर प्रतिदिन हजारों यात्री सफर करते हैं, लेकिन खराब हालत के कारण उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
नीमच-सिंगोली मार्ग, जो मध्यप्रदेश को राजस्थान के जयपुर सहित उत्तर भारत के कई राज्यों से जोड़ता है, पर यात्रियों के साथ-साथ भारी मालवाहक वाहनों का भी निरंतर आवागमन रहता है। सड़क की बदतर स्थिति के चलते 80 किलोमीटर की दूरी तय करने में तीन घंटे से अधिक समय लग जाता है।
सड़क पर जगह-जगह पड़े गहरे गड्ढे दुर्घटनाओं का मुख्य कारण बन रहे हैं, जिनमें विशेषकर दोपहिया वाहन चालक जान जोखिम में डालकर सफर कर रहे हैं। बारिश के मौसम में स्थिति और भी भयावह हो जाती है, जब गड्ढों में पानी भरने से उनकी गहराई का अंदाज़ लगाना मुश्किल हो जाता है, जिससे दुर्घटनाएं बढ़ जाती हैं।
हाल ही में मरम्मत के नाम पर गड्ढों में बड़े-बड़े कंकड़ पत्थर भर दिए गए, जो न केवल वाहनों को नुकसान पहुंचा रहे हैं, बल्कि राह चलते लोगों को भी चोटिल कर रहे हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि कई बार इस समस्या की शिकायत अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से की जा चुकी है, लेकिन अब तक सड़क सुधार की दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
जनता ने प्रशासन से शीघ्र ही इस सड़क मार्ग की मरम्मत की मांग की है, ताकि दुर्घटनाओं से बचा जा सके और यात्रियों को राहत मिल सके।