नीमच। पुलिस मुख्यालय द्वारा पुलिस परिवार के बच्चों के लिए प्रदेश के विभिन्न जिलों में संचालित दिशा लर्निंग सेंटर सफलता की एक नई इबारत लिख रहा है। यह सेंटर पुलिस कर्मियों के बच्चों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। प्रतियोगी परीक्षाएं हों या अन्य शैक्षणिक चुनौतियाँ यहां विद्यार्थी निःशुल्क, शांत और अनुकूल वातावरण में अपनी तैयारियों को दिशा दे रहे हैं।
नीमच जिले के पुलिस कंट्रोल रूम परिसर स्थित दिशा लर्निंग सेंटर में विद्यार्थियों को वाई-फाई सुविधा, वातानुकूलित लाइब्रेरी और विविध पाठ्य पुस्तकों का उत्कृष्ट संग्रह उपलब्ध है। 2023 में शुरू हुई इस योजना से अब तक कई विद्यार्थियों ने लाभ लिया है, जिनमें से 6-7 का चयन मध्यप्रदेश पुलिस आरक्षक एवं विद्युत विभाग में हो चुका है। अधिकांश विद्यार्थी यहां यूपीएससी, एमपीपीएससी जैसी उच्चस्तरीय प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं।
दिशा लर्निंग सेंटर नीमच के प्रभारी उपनिरीक्षक सुरेश सिसोदिया ने बताया कि यह केंद्र उन विद्यार्थियों के लिए खास है, जिन्हें घर पर पढ़ाई का अनुकूल वातावरण नहीं मिल पाता। यहां न्यूज़पेपर, मैगज़ीन, बुक्स और इंटरनेट जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराकर उन्हें बेहतर माहौल दिया जा रहा है।
यह प्रयास न केवल शिक्षा को बढ़ावा दे रहा है, बल्कि पुलिस परिवार के युवाओं के सपनों को साकार करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।