मंदसौर/मनासा। कल दिनांक 06 जुलाई 2025 की शाम को सेना की मेरठ यूनिट (उत्तर प्रदेश) में पदस्थ हवलदार पवन कुमार बैरागी का आकस्मिक निधन हो गया। हवलदार पवन कुमार (पिता राजेन्द्र कुमार बैरागी), उम्र 40 वर्ष, निवासी ग्राम हांसपुर, थाना मनासा, जिला नीमच, वर्तमान में श्रीजी नगर, अभिनंदन कॉलोनी, थाना कोतवाली मंदसौर में निवासरत थे। वे एक माह की छुट्टी पर घर आए हुए थे।
बीमारी की शिकायत होने पर परिजन उन्हें जिला अस्पताल मंदसौर ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। आज दिनांक 07 जुलाई 2025 की सुबह पोस्टमार्टम के पश्चात उनका पार्थिव शरीर परिजनों को सौंपा गया।
हवलदार पवन कुमार बैरागी का अंतिम संस्कार आज दोपहर उनके निज निवास ग्राम हांसपुर में किया जाएगा। इसके लिए अंतिम यात्रा आज दोपहर मनासा से रवाना होकर दोपहर 2 बजे हांसपुर पहुंचेगी, जहां सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार सम्पन्न होगा।
इस दुखद घटना से क्षेत्र में शोक की लहर है। सेना के इस वीर सपूत को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की जा रही है।