हरदा। गढ़ीपुरा स्थित प्राचीन पट्टाभिराम मंदिर में चल रहे आठ दिवसीय गुरुपूर्णिमा महोत्सव का पांचवां दिन विशेष रहा। इस दौरान 51 ब्राह्मणों ने सामूहिक गणपति अथर्वशीर्ष का पाठ किया। पाठ का उद्देश्य विश्व कल्याण और क्षेत्र में सुख-समृद्धि की कामना था।
विश्वस्त मंडल के अनंता गोड़बोले ने बताया कि ये परंपरा हर साल निभाई जाती है। रामसत्ता के इस पवित्र पर्व पर देश की समृद्धि के लिए सामूहिक पाठ का आयोजन होता है। महाराष्ट्रीयन ब्राह्मण समाज के सदस्यों ने पारंपरिक वेशभूषा में पाठ किया।
देश के अलग-अलग महानगरों से पहुंच रहे हैं भक्त
125 साल पुराने गुरू गोंदवलेकर महाराज के इस मंदिर में महोत्सव के दौरान देश के अलग-अलग महानगरों से भक्त पहुंच रहे हैं। सात दिनों तक 24 घंटे अखंड राम नाम जाप चल रहा है। महिलाएं और नगर के प्रसिद्ध भजन मंडल भी भक्ति गीत प्रस्तुत कर रहे हैं।
गुरु पूर्णिमा के दिन निकलेगी प्रभात फेरी
10 जुलाई को गुरु पूर्णिमा के दिन सुबह 5 बजे प्रभात फेरी निकलेगी। दोपहर 12 बजे महाआरती के बाद महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा।