अशोकनगर। कांग्रेस के प्रदर्शन के कारण दो दिन के लिए कृषि उपज मंडी बंद रहेगी। सोमवार को जब किसान अनाज लेकर मंडी पहुंचे, तो उन्हें बंद की जानकारी मिली। इससे नाराज किसानों ने सड़क पर ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी कर चक्काजाम कर दिया।
किसान बोले- मंडी बंद होने की पूर्व सूचना नहीं मिली
किसानों का कहना था कि उन्हें मंडी बंद होने की पूर्व सूचना नहीं दी गई। उन्होंने बताया कि दो दिन बाद नगर में जैन मुनि का आगमन होगा, जिसके कारण व्यापारी नहीं आएंगे। इस वजह से उन्हें लगभग तीन दिन मंडी में बिताने पड़ेंगे।
अधिकारियों के समझाने पर चक्काजाम हटाया
सूचना मिलते ही मंडी प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने किसानों से बातचीत की और उन्हें समझाया कि मंडी दो दिन के लिए बंद रहेगी। इसके बाद किसानों ने चक्काजाम हटा लिया।
जीतू पटवारी पर दर्ज एफआईआर के विरोध में न्याय सत्याग्रह
मंडी बंद होने का कारण कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी पर दर्ज एफआईआर के विरोध में 8 जुलाई को होने वाला न्याय सत्याग्रह है। इसी के मद्देनजर पुरानी कृषि उपज मंडी में दो दिन की छुट्टी घोषित की गई है।