मंडला। बीते एक सप्ताह से बारिश लगातार जारी है। सोमवार सुबह तक 24 घंटे के दौरान जिले में 108 मिमी यानी 4.25 इंच बारिश रिकॉर्ड की गई, जिससे नर्मदा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है और यह वार्निंग लेवल को पार कर गया।
बता दें कि दोपहर 12 बजे नर्मदा नदी का जलस्तर 437.55 मीटर पर है, जबकि वार्निंग लेवल 437 मीटर और खतरे का निशान 437.80 मीटर है। वहीं कल नर्मदा का जल स्तर 435.69 मीटर था
जिले की प्रमुख नर्मदा नदी के साथ-साथ मटियारी, सुरपन और बंजर सहित कई नदियां उफान पर हैं। नर्मदा नदी पर स्थित माहिष्मती घाट का छोटा पुल एक बार फिर पानी में डूब गया है। जलस्तर बढ़ने से निचले इलाकों में खतरा मंडरा रहा है।
1 जून से 7 जुलाई तक यानी सवा महीने में मंडला जिले में अब तक 700.8 मिमी (27.59 इंच) बारिश दर्ज की गई है, जो सालभर के औसत 1326.2 मिमी के मुकाबले 52.84ः है। मौसम विभाग के अनुसार अभी और बारिश होने की संभावना है।