खरगोन। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने पोषण ट्रैकर में आ रही समस्याओं को लेकर विरोध किया। सोमवार दोपहर डेढ़ बजे भारतीय मजदूर संघ के बैनर तले 500 से ज्यादा कार्यकर्ताओं ने रैली निकाली।
आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सहायिका महासंघ की रैली का नेतृत्व भारतीय मजदूर संघ प्रतिनिधि आशा अमोदे और जिलाध्यक्ष रंजना पटेल ने किया। कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के नाम कलेक्टर को मांग पत्र दिया।
फोटो कैप्चर करने में आ रही दिक्कतें
कार्यकर्ताओं ने कई समस्याएं उठाईं। हितग्राही ओटीपी नहीं दे रहे हैं। कई लोगों की ईकेवाईसी नहीं है। फोटो कैप्चर करने में दिक्कतें आ रही हैं। आदिवासी क्षेत्र में नेटवर्क की समस्या है। पोषण ट्रैकर ऐप में 100ः काम पूरा न होने पर मानदेय काटने के नोटिस मिल रहे हैं।
समय के साथ बढ़ा काम
खरगोन जिले में करीब 3 हजार आंगनबाड़ी केंद्र हैं। कार्यकर्ताओं का कहना है कि वे 1975 से सेवाएं दे रहे हैं। समय के साथ उनका काम बढ़ा है। उन्होंने तृतीय व चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के रूप में नियमितीकरण की मांग की है।