मनासा (नीमच)। ग्राम हांसपुर निवासी आर्मी जवान पवन बैरागी (उम्र 40 वर्ष), जो कि आर्मी यूनिट मेरठ (उत्तर प्रदेश) में पदस्थ थे, का रविवार शाम मंदसौर जिला अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। तबीयत खराब होने के चलते वे एक माह की छुट्टी पर घर आए हुए थे।
पवन बैरागी की तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने उन्हें जिला अस्पताल मंदसौर में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उनका निधन हो गया। सूचना मिलते ही सेना के अधिकारियों ने परिजनों को घटना की जानकारी दी, जिससे पूरे परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
सोमवार दोपहर सेना की गाड़ी से उनका पार्थिव शरीर पैतृक गांव हांसपुर लाया गया, जहां सैनिक सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। शवयात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण, परिजन और स्थानीय लोग शामिल हुए और नम आंखों से जवान को अंतिम विदाई दी।